जमशेदपुर : भारत के स्टील उद्योग के जनक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की गुरुवार को जन्मदिन मनायी गयी. टाटा समूह अपने संस्थापक की जयंती को खास अंदाज में मनाती है. पूरे जमशेदपुर को दुल्हन की तरह सजाया गया है. टाटा समूह के चेयरमैन संस्थापक दिवस के मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में शहर पहुंच गए हैं. इस दौरान कंपनी परिसर में मुख्य समारोह आयोजित किए गए हैं. इधर शहरवासियों के लिए बिष्टुपुर पोस्टल पार्क स्थित टाटा साहब के प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने की व्यवस्था की गई है. जहां आम और खास सुबह से ही पहुंच रहे हैं और टाटा साहब की प्रतिमा पर सिर झुका रहे हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसी क्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता गुरुवार अहले सुबह पोस्टल पार्क पहुंचे और टाटा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की. मंत्री बन्ना गुप्ता ने टाटा साहब को जीवंत देवता बताया और भारतीय उद्योग का जनक बताते हुए उनकी दूरदर्शिता को नमन किया. उन्होंने बताया कि आज टाटा साहब का ही देन है जो जमशेदपुर का नाम पूरी दुनिया में रोशन हो रहा है, और लाखों लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार पा रहे हैं. वे यहां श्रद्धांजलि देकर सीधे रांची पहुंचे, जहां उन्होंने बजट सत्र में हिस्सा लिया.



