
जमशेदपुर : झारखंड की रघुवर दास सरकार की कार्यशैली के कारण अल्पसंख्यक शिक्षकों की दीपावली एवं छठ आदि पर्व में बहार रहेगी. अल्पसंख्यक शिक्षकों के वेतनादि मद की अतिरिक्त राशि राज्य सरकार ने जारी कर दी है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 50 करोड रुपए अतिरिक्त राशि के तौर पर स्वीकृत की है और सोमवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक जटाशंकर चौधरी ने राशि का जिलेवार बंटवारा भी कर दिया है. पूर्वी सिंहभूम जिला को 7 करोड़ 77 लाख 77 हजार नौ सौ रुपए का आवंटन मिला है. वहीं पश्चिमी सिंहभूम जिला को 2 करोड़ 62 लाख 58 हजार एवं पांच सौ रुपए का आवंटन मिला है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक द्वारा जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष 2019-20 वेतन आदि मद के भुगतान के उपरांत अवशेष राशि से सातवें पुनरीक्षित वेतनमान के अंतर वेतन का भुगतान किया जाएगा. जिला शिक्षा पदाधिकारी को यह निर्देश दिया गया है कि शिक्षकों के वेतन मद की निकासी कर विद्यालय के खाते में उपलब्ध करवा दें जिससे विद्यालय प्रबंधन महीने की पांचवी तारीख तक शिक्षकों के खाते में राशि चली जाए. झारखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार एवं संयुक्त सचिव रमेश कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड राज्य के अल्पसंख्यक के शिक्षकों को जुलाई माह तक का ही वेतन मिल पाया था और उसके बाद राशि की कमी हो गई थी और विभाग ने सरकार से अतिरिक्त राशि की मांग की थी. राज्य सरकार एवं विभाग को धन्यवाद देते हुए उपाध्यक्ष एवं संयुक्त सचिव ने कहा कि विभाग को राशि मिल गई है और इसका बंटवारा भी जिलावार हो गया है और अब उम्मीद है कि दीपावली से पहले शिक्षकों को अगस्त एवं सितंबर माह का वेतन भुगतान शीघ्र अति शीघ्र हो जाएगा.



