रांची / जमशेदपुर : झारखंड में समय से पहले शुक्रवार 12 जून को मॉनसून ने दस्तक दी. इसकी वजह से राज्य के कई हिस्सों में रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो चुका है. बीते गुरुवार को रांची समेत कई जिलो में रूक रूक कर हो रही बारिश से लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है. शुक्रवार को भी रांची समेत कई जिलों में सुबह से ही काले बादल छाए हुए है. वहीं कहीं – कहीं रिमझिम बारिश भी हुई. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिन तक रांची सहित झारखंड के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. हल्के और मध्यम दर्जे की बारिश होगी. गरज के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आयेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इधर मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह झारखंड में प्रवेश कर चुका है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में यह पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. अगले 24 घंटे में मॉनसून पूरे राज्य में सक्रिय हो जायेगा. मॉनसून के दस्तक के साथ ही किसानों ने खेतों की जुताई शुरू कर दी है. मेढ़ बनाये जा रहे है. किसान धान की बुआई के लिए अपने-अपने खेतों को तैयार कर लिया है. बिजड़ा तैयार करने के लिए अपने अपने खेतों तक खाद भी गिरवा दिये है. (नीचे भी पढ़ें)
पिछले 24 घंटे में रांची में सबसे अधिक 40.6 एमएम बारिश हुई. वहीं जमशेदपुर में 11 एमएम, चाईबासा में 10 एमएम और बहरागोड़ा में 9.5 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गयी.







