पटमदा / जमशेदपुर : पटमदा प्रखंड की ओड़िया पंचायत अंतर्गत कांकु गांव में प्रस्तावित पत्थर खदान के विरोध में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. ग्राम कांकु के सैकड़ों महिला- पुरुषों ने शुक्रवार को जिले के उपायुक्त को आवेदन सौंपकर खनन परियोजना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि मौजा कांकु में करीब 5.90 एकड़ भूमि पर पत्थर खदान स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसका ग्राम सभा में सर्वसम्मति से विरोध किया गया है. ग्रामीणों के अनुसार प्रस्तावित खदान स्थल के आसपास वर्ष 2023 में स्थापित अंतरराष्ट्रीय बागीचा, आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीणों के आवासीय घर तथा जाहेरथान स्थित हैं. ऐसे में खदान संचालन के दौरान होने वाले विस्फोट, धूलकण और प्रदूषण से बच्चों, महिलाओं एवं ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. साथ ही पर्यावरणीय संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि कांकु गांव अनुसूचित क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां ग्राम सभा की सहमति और निर्णय का विशेष महत्व है. ग्राम सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी परिस्थिति में प्रस्तावित पत्थर खदान स्थापित नहीं होने दिया जाएगा. ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि ग्राम सभा के निर्णय, ग्रामीणों की आपत्तियों और जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित पत्थर खदान की स्वीकृति प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा आगे की सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं स्थगित की जाएं. (नीचे भी पढ़ें)

इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि जिला खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी, पटमदा को भी भेजी गई है. आवेदन पर ग्राम प्रधान मुचीराम मुर्मू, श्यामसुंदर बेसरा, सोमनाथ मुर्मू, गुरुपद मुर्मू, सागुन बेसरा एवं जगदीश मुर्मू समेत काफी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं.







