जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में देर रात लूटपाट और मारपीट की एक गंभीर घटना सामने आई है. बदमाशों ने एक 407 मालवाहक वाहन के चालक और खलासी पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया तथा सोने-चांदी की चेन समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, चालक और खलासी माल लेकर गोलमुरी स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पहुंचे थे. देर रात होने के कारण माल की अनलोडिंग नहीं हो सकी, जिसके बाद दोनों ने वाहन को ट्रांसपोर्ट परिसर के पास खड़ा कर उसी में रात बिताने का फैसला किया. रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच दो से तीन नकाबपोश युवक वाहन के पास पहुंचे और दरवाजा खोलने को कहा. चालक और खलासी द्वारा मना करने पर आरोपियों ने वाहन खड़ा करने के एवज में पैसे की मांग की. डर के कारण चालक ने खिड़की थोड़ा खोलकर 500 रुपये दिए, लेकिन बदमाशों ने और पैसे मांगे. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी बार पैसे देने के दौरान आरोपियों ने चापड़ से खिड़की पर हमला कर दिया, जिससे शीशा टूट गया. इसके बाद बदमाश वाहन के अंदर घुस गए और चालक व खलासी के साथ बेरहमी से मारपीट की. चालक के हाथ पर चापड़ से दो वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि खलासी को भी चोटें आईं. बदमाशों ने चालक के गले से सोने-चांदी की चेन छीन ली और अन्य सामान भी लूट लिया. जाते-जाते उन्होंने दोनों को जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.







