रांची : 6 अगस्त से झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरू होगा. जो 12 अगस्त तक चलेगा. इस मानसून सत्र में कुल 5 कार्य दिवस होंगे. जिसमें 7 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा. बुधवार को विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने की. इस दौरान मानसून सत्र की तैयारियों की समीक्षा की गयी. बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए.बैठक में मॉनसून सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर सहमति बनी. (नीचे भी पढ़े)
साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलाने में सकारात्मक सहयोग देने का आग्रह किया गया.सर्वदलीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने छात्र आंदोलन का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को या सरकार के डेलिगेशन को जल्द से जल्द आंदोलित छात्रों से मुलाकात करना चाहिए. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि इस मुद्दे पर कार्य मंत्रणा समिति बातचीत होगी.बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.




