
रांची : केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार को कड़ी फटकार लगायी है और कहा है कि वैक्सीन बर्बादी को रोकने की जरूरत है. केंद्र सरकार ने राज्यों को दिये जा रहे टीका (वैक्सीन) की समीक्षा की. केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह पाया गया कि कोरोना वैक्सीन की बर्बादी 6.3 फीसदी राष्ट्रीय औसत है जबकि झारखंड टॉप पर है, जहां पर 37 फीसदी से ज्यादा वैक्सीन की बर्बादी की बात केंद्र सरकार ने बतायी है. वैक्सीन पर केंद्र सरकार की ओर से दी गयी रिपोर्ट के मुताबिक, झारखंड में 37.3 फीसदी, छत्तीसगढ़ दूसरे नंबर पर 30.2 फीसदी, तमिलनाडु तीसरे नंबर पर 15.5 फीसदी, जम्मू कश्मीर 10.8 फीसदी और मध्यप्रदेश पांचवें नंबर 10.7 फीसदी टीका है, जो बर्बादी होता है. स्पुतनिक को भी वैक्सीन को कोविन पोर्टल में शामिल करने को मंजूरी दी गयी. बिना पहचान पत्र वालों को भी वैक्सीन देने के लिए स्पेशल अभियान चलाने की बात कहीं है. वैक्सीन के स्लॉट बुकिंग के बाद आप चाहेंगे तो उसको रिशिड्यूल भी कर सकते है.
झारखंड सरकार ने केंद्र पर झूठ फैलाने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले को गलत करार दिया है और बताया है कि राज्य सरकार के पास अब तक टीके की कुल खुराक की उपलब्धता के अनुसार, वैक्सीन का अपव्यय अनुपात केवल 4.65 प्रतिशत है. तकनीकी कठिनाइयों के कारण टीकाकरण डेटा को केंद्रीय को-विन सर्वर पर पूरी तरह से अपडेट नहीं किया जा सका. इसका अपडेशन प्रक्रिया में है. राज्य सरकार द्वारा जिलों को 48.63 लाख टीके की आपूर्ति की गई है. जिलों द्वारा अब तक 42.07 लाख टीकों का उपयोग किया गया है. जिलों में कुल टीके की कवरेज को देखें तो वह 40.12 लाख है, जबकि अपव्यय यानी बर्बादी का प्रतिशत 4.63 है. राज्य सरकार टीकों की कम से कम बर्बादी सुनिश्चित करने के लिए यथासंभव उपलब्ध वैक्सीन खुराक का अधिकतम उपयोग करने का प्रयास कर रही है. राज्य के सुदूरवर्ती और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण जागरूकता अभियान के साथ इसे और कम करने का प्रयास किया जा रहा है.
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने प्रधानमंत्री पर ही उठाया सवाल
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ही हमला बोल दिया है. बन्ना गुप्ता ने कहा है कि झूठ, फरेब और जुमलेबाजी के सहारे केन्द्र सरकार झारखंड को बदनाम कर रही हैं, आंकड़ो के बाजीगरी और फर्जी आंकड़े जारी करने का क्या मकसद हैं ? क्या इसी तरह के फर्जी आंकड़ो के साथ पूरे देश को गुमराह किया जा रहा है ? बन्ना गुप्ता ने टीकाकरण के पूरे आंकड़े जारी कर प्रधानमंत्री को गौर करने को कहा है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-झारखंड सरकार कोरोना के वैक्सीन को लेकर खिलवाड़ कर रही है
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने इस मामले में झारखंड पर को कठघरे में खड़ा किया है. सांसद दीपक प्रकाश ने कहा है कि केंद्र द्वारा दिए जा रहे जीवन रक्षक कोरोना वैक्सीन की बर्बादी के मामले में झारखंड पूरे देश मे पहले स्थान पर है. बात-बात पर केंद्र पर दोषारोपण की राजनीति करने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जनता जवाब चाहती है कि मिस-मैनेजमेंट के कारण 37.3% वैक्सीन की बर्बादी का जिम्मेदार कौन?











