पलामू : झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि यह हादसा करंट की चपेट में आने से हुआ है. घटना रविवार रात करीब 9.30 बजे की है, जो कुसमनिया गांव के मुख्य नगर पुल के पास घटी है. करंट की चपेट में आने से सिमरसोत गांव निवासी (45) बिंदु मेहता और उनका पुत्र विपिन मेहता की मौके पर ही मौत हो गयी है. वहीं वे जिस बाइक से जा रहे थे, वह बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है. प्राप्त जानकारी अनुसार दोनों पिता पुत्र के घर पर शादी समारोह का आयोजन था, जो जनरेटर के लिए डीजल लेने के लिए बाइक से पेट्रोल पंप जा रहे थे कि रास्ते में टबटे बिजली के तार की चपेट में आ गये, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. इसकी जानकारी परिजनों को दे दी गयी है, परिजन मौके पर पहुंच चुके है. ग्रामीणों ने शव को सोमवार सुबह देखा, जहां से उन्होंन इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गौरतलब है कि शनिवार आयी आंधी तूफान में 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटकर नहर के पास सड़क पर गिर गया था, जिसकी सूचना बिजली विभाग को दी गयी थी. बिजली विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ है. फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.



