मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन की पलामू जिला इकाई की आम सभा रविवार, 7 सितंबर को स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित की जाएगी. इस अवसर पर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ भावी कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी.आमसभा के बाद वर्तमान समय में सकारात्मक पत्रकारिता विषय पर विशेष परिचर्चा का आयोजन होगा. परिचर्चा में पत्रकारिता जगत की चुनौतियों और समाज हित में उसकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पलामू जोन के डीआईजी नौशाद आलम होंगे. उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में मेदिनीनगर नगर निगम की प्रथम महापौर अरुणा शंकर और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पर्यावरणविद् कौशल किशोर जायसवाल भी मौजूद रहेंगे.(नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संत मरियम स्कूल के निदेशक एवं झारखंड सरकार के माटी कला बोर्ड के सदस्य अविनाश देव होंगे. वे सकारात्मक पत्रकारिता की दिशा में सार्थक पहल और उसकी आवश्यकता पर प्रकाश डालेंगे.इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरकांत करेंगे, वहीं पर्यवेक्षक के रूप में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कुमार कौशलेंद्र और महासचिव नौशाद आलम की उपस्थिति विशेष महत्व रखेगी. संगठन के पदाधिकारियों और जिलेभर के पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेंगे.














