रांची : झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में पार्किंग की व्यवस्था में बदलाव को लागू कर दिया गया है. इसके तहत पार्किंग के दौरान ड्रापिंग के समय को और कम कर दिया गया है. नयी व्यवस्था के तहत फ्री लेन को कई जगह नहीं दी गयी है और वाहन जाम में नहीं फंसे, इसके लिए कोई उपाय नहीं किया गया है, लेकिन इसका समय घटाकर पैसे बढ़ा दिये गये है. अधिक समय तक गाड़ी रोकने पर 500 रुपये का जुर्माना भी लगाने का प्रावधान तय कर दिया गया है. पार्किंग के नये नियम के मुताबिक, प्रवेश से लेरक निकास तक का समय अब अधिकतम 9 मिनट ही होगा. अभी 10 मिनट है. एक मिनट सीधे तौर पर घटा दिया गया है. अगर किसी को उससे अधिक रुकना है तो 500 रुपये जुर्माना और अतिरिक्त समय का पैसा देना होगा. विभिन्न वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क भी निर्धारित किया गया है. निजी कारों के लिए, 30 मिनट तक 30 रुपये और 30 मिनट से 120 मिनट तक 40 शुल्क होगा. कॉमर्शियल वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क अलग रखा गया है. कोच, बस, और ट्रकों के लिए पार्किंग शुल्क 170 रुपये होगा. 7 सीटों से अधिक क्षमता वाले टैंपो, एसयूवी या मिनी बस के लिए 60 रुपये शुल्क रखा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
दोपहिया वाहनों के लिए 30 मिनट तक 10 रुपये लगेंगे. इसके अतिरिक्त दोपहिया वाहनों के लिए 30 मिनट तक 10 रुपये और 30 मिनट से अधिक के लिए 15 रुपये शुल्क लागू किया गया है. प्रीमियम कार पार्किंग के लिए अलग से शुल्क निर्धारित किया गया है. 30 मिनट तक के लिए 75 रुपये शुल्क होगा, जबकि 2 घंटे तक यह शुल्क 80 रुपये रहेगा. 24 घंटे तक पार्किंग शुल्क 240 रुपये रहेगा, और 24 घंटे के बाद शुल्क 240 रुपये प्लस उसके हिसाब से अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा. हवाई अड्डे के टर्मिनल बिल्डिंग के आस-पास पार्किंग पर पूरी तरह से पाबंदी होगी, यहां केवल पिक-अप और ड्रॉप की अनुमति दी जाएगी. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि टर्मिनल के पास कोई वाहन अव्यवस्थित न खड़ा हो, जिससे यात्री सुविधाजनक तरीके से टर्मिनल तक पहुंच सकें. इसके अतिरिक्त, जो वाहन टर्मिनल के पास पार्क कर चले जाएंगे और मौके पर मौजूद नहीं रहेंगे उन पर जुर्माना लगाया जाएगा और तत्काल टो किया जाएगा. हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे भुगतान के लिए फास्टैग का इस्तेमाल करें, जिससे समय की बचत हो सके। साथ ही, प्रत्येक पार्किंग शुल्क का भुगतान करने के बाद रसीद लेना अनिवार्य किया गया है.














