रांची : झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ एवं प्रख्यात नेता, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष तथा अल्पसंख्यक समुदाय की सशक्त आवाp डॉ गुलफाम मुजीबी के इंतिक़ाल की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है. उनके निधन पर गहरा दुख और संवेदना व्यक्त करते हुए झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने उन्हें दूरदर्शी, उदार-हृदय और समाज सेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया. अपने शोक संदेश में हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि डॉ गुलफाम मुजीबी का निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय और राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके निधन से मुझे बेहद दुख पहुंचा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि डॉ मुजीबी ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक उत्थान, न्याय, भाईचारे तथा समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया. उनकी सादगी, विद्वत्ता, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा को हमेशा याद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि डॉ गुलफाम मुजीबी ने झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष के रूप में भी अपने दायित्वों का अत्यंत कुशलता और निष्ठा के साथ निर्वहन किया तथा समाज के सभी वर्गों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई. उनके निधन से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसे भर पाना अत्यंत कठिन होगा. उन्होंने डॉ गुलफाम मुजीबी की मगफिरत के लिए अल्लाह से दुआ करते हुए उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला से आला मकाम अता फरमाने दुआ की. साथ ही उनके परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना भी की.







