रांची: झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन सोमवार से 60:40 नियोजन नीति का विरोध और 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति को लेकर 72 घंटे के महाआंदोलन की शुरुआत हो गई है. इस दौरान मोरहाबादी मैदान में जुटे छात्र सीएम हाउस का घेराव करने के लिए आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हे रोकने का प्रयास किया. इसके बावजूद भी छात्रों के द्वारा लगातार आगे बढ़ने का सिलसिला जारी रहा. उसके बाद पुलिस के द्वारा छात्रों के ऊपर कांके रोड, राम मंदिर के पास पास लाठीचार्ज किया गया. छात्रों के आंदोलन को देखते हुए रांची जिला प्रशासन के द्वारा सीएम आवास के आसपास के इलाके में धारा 144 लगा दी गई है. इसके साथ ही भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है. कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है. बता दें पिछली बार जब छात्र विधानसभा घेराव करने के लिए निकले थे, तो पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं थी.(नीचे भी पढ़े)
छात्र संगठनों के द्वारा सीएम हाउस घेराव कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सीएम हाउस के दो सौ मीटर के दायरे में धारा 144 लगा दी है. इसके अतिरिक्त चार कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स, इको, एसआइआरबी, आइआरबी, जैप-10 की महिला पुलिस, लाठी पार्टी और होमगार्ड की तैनाती की गयी है. वहीं राजधानी में तैनात छह डीएसपी के अतिरिक्त जिला के अन्य डीएसपी, जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों सहित कई इंस्पेक्टर और दारोगा की तैनाती की गई है. इसके अतिरिक्त मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गयी है. छात्र सीएम हाउस तक न पहुंचे, इसके लिए 36 जगह बैरिकेडिंग की गई है. आंसू गैस और वाटर कैनन भी तैनात किए गए हैं.












