रांची : भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बनने वाली राज्य की पहली एक्सप्रेस वे का काम काफी तेजी से चल रहा है. इस प्रोजेक्ट के तहत रांची को धनबाद से जोड़ा जाना है. रांची के ओरमांझी से जैनामोड़ तक आठ लेन की सड़क बन रही है. जिसकी कुल लंबाई 81.49 किलोमीटर है. इस प्रोजेक्ट के लिए एनएचएआई ने 50 करोड़ रुपए आंवटित किए है. जिसको लेकर ओरमांझी से गोला तक 15 गांवों में जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है, जिसमें 751 रैयतों की जमीन शामिल है. 50 करोड़ रुपए में अब तक 30,04,30,466 रुपये रैयतों के बीच बांट दिये गये हैं. शेष बचे 19,95,69,534 रुपए वितरित किये जाने की प्रक्रिया अभी भी जारी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
विदित है कि इस एक्सप्रेस के बन जाने से ओरमांझी से गोला, पेटरवार होकर जैनामोड़ होते जा रही सड़क पर भीड़भाड़ के कारण ट्रैफिक पर ब्रेक लगने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी. इस एक्सप्रेस वे को बिना स्पीड ब्रेकर वाली एक्सप्रेस वे बनाने की कोशिश हो रही है. बताते चले कि भारतमाला परियोजना से पिछड़े इलाकों, धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए जा रहे हैं. गुजरात और राजस्थान से शुरू होकर पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार की सीमाओं को यह परियोजना कवर करेगी.












