चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांदरबेड़ा और रामगढ़ के बीच स्थित हाथी कॉरिडोर ओवरब्रिज पर रविवार रात भीषण सड़क दुर्घटना हुई. हादसे में एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए. कार की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. हालांकि, कार में सवार पांच युवक एयरबैग खुलने के कारण बाल-बाल बच गए. सभी को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं. जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के सिदगोड़ा इलाके के रहने वाले पांच युवक कार से पारडीह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान हाथी कॉरिडोर ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर काफी दूर तक घूमती रही. हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
बताया गया कि टक्कर के दौरान कार के सभी एयरबैग खुल गए, जिससे उसमें सवार युवकों को गंभीर चोटें नहीं आईं. एयरबैग ने पांचों युवकों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई. दुर्घटना के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसमें सवार युवकों के संबंध में जानकारी जुटाई. वहीं, टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस हादसे के कारणों और फरार वाहन की पहचान के लिए जांच कर रही है.




