जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में बीते दो दिन से ठंड बढ़नी शुरू हो गयी है. इस दौरान लोगों को सुबह शाम कनकनी महसूस होने लगी है. वहीं रांची केंद्र के मौसम विभाग के अभिषेक आनंद का कहना है कि झारखंड के विभिन्न जिलों में ठंड बढ़ेगी. इस दौरान लगातार दो दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी. इससे लोगों को ठंड का एहसास होगा. उन्होंने पूर्वानुमान में यह भी बताया कि अगले पांच दिनों तक मौसम साफ और शुष्क रहेगा. वहीं 1 जनवरी को राज्य के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है. (नीचे भी पढ़ें)
इन जिलों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की होगी गिरावट-
मौसम विभाग के अभिषेक आनंद के मुताबिक झारखंड के उत्तरी और मध्य भागों के पलामू, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, रांची, चतरा, गढ़वा में अगले दो दिनों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी. वहीं दक्षिणी हिस्सों के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलें के न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस गिरावट की संभावना है.




