
जमशेदपुर:झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष पद पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सर्वसम्मति से चयन के बाद पोटका विधायक संजीव सरदार ने उन्हें बधाई दी है. विधायक सरदार ने कहा हेमंत सोरेन का अध्यक्ष बनना झामुमो के लिए एक नए युग की शुरुआत है. उनके नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी और झारखंड के आदिवासी, पिछड़ा, मूलवासी, किसान, मजदूर तथा युवा वर्ग के सपनों को नई उड़ान मिलेगी. झामुमो के 13वें केंद्रीय महाधिवेशन में यह निर्णय लिया गया, जिसमें पूर्व अध्यक्ष एवं झारखंड आंदोलन के पुरोधा शिबू सोरेन ”गुरुजी” को पार्टी का संस्थापक संरक्षक घोषित किया गया. गुरुजी ने चार दशकों तक पार्टी का नेतृत्व कर झारखंड के निर्माण और सामाजिक न्याय की लड़ाई में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है. हेमंत सोरेन 2015 से पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे थे. अब पार्टी की बागडोर औपचारिक रूप से उनके हाथों में सौंप दी गई है. इस बदलाव को झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एकजुटता और नवचेतना का प्रतीक बताया है. विधायक सरदार ने यह भी कहा कि हेमंत सोरेन का नेतृत्व झारखंड को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगा. हम सभी उनके साथ हैं.(नीचे भी पढे)

हेमंत सोरेन के अध्यक्ष बनने से झामुमो को मिलेगी नई ऊर्जा : मंगल कालिंदी
झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के 13वें महाधिवेशन में दिशोम गुरू शिबू सोरेन अब संस्थापक संरक्षक और हेमंत सोरेन को झारखंड मुक्ति मोर्चा का नया अध्यक्ष बनाया गया है. हेमंत सोरेन को अध्यक्ष मनोनीत किये जाने से उत्साहित जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने बधाई देते हुए खुशी का इजहार करते हुए कहा कि गुरुजी के आशीर्वाद से हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पार्टी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और उनके सूझ-बूझ और अनुभव से झामुमो को बहुत लाभ होगा इसे पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता को अभिमान हो रहा है.




