जमशेदपुर : कोरोना वायरस को लेकर पूरी दुनिया में हाहाकार है तो कोल्हान के तीनों जिले में प्रशासन एक्शनस में है. कोल्हान के जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम जिला), पश्चिम सिंहभूम जिला और सरायकेला-खरसावां जिले में कोरोना वायरस को लेकर भी प्रशासन ने अपनी तैयारी की.

जमशेदपुर के उपायुक्त ने कोरोना वायरस को लेकर प्रेस प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित किया
नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रति जनजागरूकता को लेकर बुधवार को उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर नोवल कोरोना वायरस के संबंध में जागरूकता हेतु आवश्यक जानकारी साझा किए. उपायुक्त ने प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोनावायरस के संक्रमण के रोकथाम को लेकर जितना सामाजिक दूरी सभी लोग बना सकें उतना बेहतर होगा. अफवाहों में ना आते हुए अपनी सुरक्षा करें तो ज्यादा बेहतर है, इसके लिए सबसे सरल उपाय सेल्फ क्वारंटाईन (खुद से एकांत में रखना) है. ट्रैवल हिस्ट्री के मुताबिक लोगों का चेकअप किया जा रहा है. यदि इस दौरान किसी व्यक्ति में बीमारी के कोई लक्षण नजर आते हैं तो उनका उपचार किया जाएगा जिससे कि इस बीमारी के संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके. यदि विदेश यात्रा से कोई लौटे हैं, या किसी विदेश यात्रा से लौटे व्यक्ति के संपर्क में आए हैं और आप बुखार, खांसी तथा सांस लेने में तकलीफ महसूस कर रहे हैं, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ केन्द्र से उपचार लें या जिला कंट्रोल रूम को सूचित करें. कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए होटल, लॉज, क्लब, गेस्ट हाउस में आने वाले आगंतुकों को प्रभावित होने की सूचना मिलती है तो ऐसे में इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को अवश्य दें. किसी से मिलने समय 3 फीट की दूरी अवश्य रखें तथा हाथ मिलाकर अभिवादन करने के बजाय नमस्ते करें. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. महेश्वर प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार, उपाधीक्षक एमजीएम अस्पताल डॉ. एनपी चौधरी, माइक्रोबॉयोलोजिस्ट एमजीएम कॉलेज डॉ. पियाली गुप्ता, डॉ. असद- डिस्ट्रिक्ट एपिडेमोलॉजिस्ट तथा अन्य उपस्थित थे.
जमशेदपुर के उपायुक्त द्वारा नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) के रोकथाम एवं उपचर को लेकर साझा की गई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां निम्नांकित है-
- आम जनता के बीच कोरोना वायरस से बचाव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए कि घबराने की आवश्यकता नहीं है बल्कि इस बारे में सतर्क रहने और सावधानी बरतने की जरूरत है. इस बीमारी का फैलाव संक्रमित व्यक्ति द्वारा खांसने और छीकने पर मुंह एवं नाक से निकलने वाले ड्रॉपलेट्स के माध्यम से होता है. अतः लोगों को छीकने एवं खांसने के लिए अपनी बांह अथवा रुमाल/टिसू पेपर इस्तेमाल करने की सलाह दी जाये. साथ ही साथ सेनेटाईजर/साबुन एवं पानी से हाथ साफ करते रहने का सुझाव भी दिया जाय जिससे कि संक्रमण को रोका जा सके.
- जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. अगर कोरोना वायरस से संक्रमित कोई व्यक्ति पाए जाते हैं तो इसकी सूचना 8987510050 या 0657-2440111 पर दे सकते हैं.
- सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाली जगहों में ना जाएं। जरूरत ना हो तो यात्रा करने से बचें. किसी भी प्रकार के आयोजन (सोशल गैदरिंग) में शामिल होने से परहेज करें.
- सभी व्यक्तियों को मास्क पहने की आवश्यकता नहीं है. कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति एवं इनके चिकित्सा कार्य में लगे मेडिकल स्टॉफ को ही मास्क पहनने की आवश्यकता है.
- संक्रमित व्यक्तियों के छीकने एवं खांसने से विषाणु सतह पर गिरते हैं और वहां पर काफी समय तक क्रियाशील रहते हैं. इसलिए यह आवश्यक है कि अपने आस-पास साफ सफाई रखें तथा समय-समय पर सेनेटाइजर से हाथ धोते रहें. डॉ. असद द्वारा सुमांक विधि से हाथ धोने का उपाय बताया गया जिसमें एस-सीधा, यू- उल्टा, एम- मुट्ठी, ए- अंगूठा, एन- नाखून, के- कलाई को अच्छे से रगड़कर हाथ धोने की बात कही गई. उपायुक्त ने सुझाव दिया कि जब भी सेनेटाईजर, हैंड वॉश से हाथ धोयें तो कम से कम 20 सेकेंड तक उसे हाथ में रहने दें। मौके पर एमजीएम अस्पताल की माइक्रोबॉयोलोजिस्ट द्वारा कोरोनावायरस के अन्य पहलुओं से भी प्रेस प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया. उन्होने बताया कि भारत में अभी कोरोनावायरस का सेकंड स्टेज है ऐसे में जिनलोगों का ट्रैवल हिस्ट्री है उन्हीं का चेकअप किया जा रहा है. भारत सरकार एवं राज्य सरकार का प्रयास है कि इसे सेकंड स्टेज में ही रोक लिया जाए. इस दिशा में जनसाधारण के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.

जमशेदपुर के डीसी ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना वायरस संक्रमण के रोकथाम एवं उपचार हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा की
जमशेदपुर के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने वरीय पदाधिकारियों सहित टीएमएच, टाटा मोटर्स अस्पताल सहित सीआरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर के कमांडेंट, आरएएफ के मेडिकल ऑफिसर के साथ कोरोना वायरस से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने कोरोना वायरस से संक्रमित देश अथवा राज्य से आने वाले लोगों की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सीआरपीएफ और आरएएफ के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बाहर से आने वाले जवानों के लिए 15 दिनों तक क्वैटराइन करने की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें. वहीं पुलिस लाइन में पुलिस जवानों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने तथा कोरोना वायरस से संबंधित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 19 मार्च को सुबह 10:30 बजे किया जाएगा. उपायुक्त द्वारा सभी अस्पताल के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि वे कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं. बैठक में मुख्य रूप से वरीय पुलिस अधीक्षक, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, अपर जिला दंडाधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

पश्चिम सिंहभूम जिले में कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से आए यात्रियों/संभावित व्यक्तियों के लिए जिले में दो कोरांटीन केंद्र की स्थापना
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला उपायुक्त अरवा राजकमल द्वारा जानकारी दी गई कि मुख्य सचिव, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार कोरोना वायरस से बचाव, रोकथाम एवं उपचार संबंधी वृहत् दिशा निर्देश दिये गये हैं। इसके तहत् कोविड-19 से प्रभावित देशों से आए हुए यात्रियों या वायरस से प्रभावित होने वाले संभावित व्यक्तियों की सतत निगरानी करते हुए ऐसे यात्रियों/ संभावित व्यक्तियों को 14 दिनों तक कोरांटीन किया जाना है. सरकार द्वारा जारी निर्देश के आलोक में जिला अंतर्गत दो कोरांटीन केंद्र के संचालन हेतु वनपाल प्रशिक्षण संस्थान कोयल विंग चाईबासा एवं प्रमंडलीय प्रशिक्षण संस्थान पाताहातु, चाईबासा का चयन किया गया है. इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद चाईबासा को घोषित कोरांटीन केंद्र परिसर स्थित साफ-सफाई, आवश्यक न्यूनतम सुविधा उपलब्ध कराना तथा यथा वांछित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने के साथ-साथ कृत कार्रवाई का सिविल सर्जन पश्चिमी सिंहभूम से प्रमाणीकरण कराते हुए प्रतिवेदन कार्यालय को उपलब्ध करवाने हेतु निर्देशित किया गया है. सिविल सर्जन पश्चिमी सिंहभूम को दिए गए निर्देश में उनके द्वारा जानकारी दी गई कि कोरांटीन केंद्र पर आवश्यक मेडिकल उपस्कर, डॉक्टर, नर्स एवं पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए स्वयं निरीक्षण करना सुनिश्चित किया जाएगा.

जमशेदपुर के भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले ने कोरोना वायरस चलवाया जन जागरूकता अभियान
जमशेदपुर की सामाजिक संस्था नमन ने अपना सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए मौजूदा हालात में समूचे विश्व में फैली महामारी कोरोना वायरस से बचाव के लिए संस्था के सदस्यों ने कई टीम बना कर जमशेदपुर के भुईयांडीह के इन्द्रा नगर, कल्याण नगर, निर्मलनगर, लाल भट्टा, गवाला बस्ती में घर-घर जाकर पर्चा बांटकर जन जागरूकता अभियान चलाया. इस मौके पर भाजपा नेता और नमन के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि लोग ज़्यादा चिंतित ना हों इसके लिये मिल कर लड़ाई लड़ें. इस अभियान में संस्था के सूरज बाग, सुरु पात्रो, नंदकिशोर मुंडा, राजु कुमार, विक्की घोष, सन्नी शर्मा, विष्णु, कलका, लोचन तान्डी, प्रेम चंद तंतुबाई, अजय दत्ता एवं अन्य सदस्यों का मुख्य रूप से योगदान रहा.















