जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ती फायरिंग की घटनाओं को लेकर पुलिस महकमा अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा ने शुक्रवार को जिला पुलिस मुख्यालय में एक अहम बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की. जमशेदपुर जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में एसएसपी, सिटी एसपी समेत जिले के तमाम वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में खास तौर पर पूर्वी सिंहभूम जिले में हाल के दिनों में हुई फायरिंग की घटनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. (नीचे भी पढ़ें)
कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा ने इन मामलों की जांच की प्रगति और अब तक हुई गिरफ्तारियों की जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन किया जाए और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो. डीआईजी ने अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने, गश्ती व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण के लिए समन्वय के साथ काम करने के निर्देश भी दिए.














