जमशेदपुर: कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन केस्टोपा बुधवार को जमशेदपुर पहुंचे. जहां एसएसपी कार्यालय परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद कार्यालय के सभागार में उन्होंने एक अहम बैठक की. इस बैठक में जिला के एसएसपी पीयूष पांडे, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, तमाम डीएसपी और सभी थानेदार मौजूद रहे. बैठक में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में हाल के आपराधिक घटनाओं पर विशेष चर्चा की गयी. डीआईजी ने सभी अधिकारियों को 5 साल और 2 साल से लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि न होने देने की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
डीआईजी ने सभी को अपने थाना क्षेत्र के अपराधियों को चिन्हित कर उन पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उन्होंने अपराध से जुड़े व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखने को भी कहा. बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सभी अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का पालन निष्ठा और सक्रियता से करने की हिदायत दी गयी. डीआईजी का यह दौरा कानून- व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने वाला रहा.



