
जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय संविदा व घंटी आधारित शिक्षकों ने पिछले छह दिनों से चल रही अपनी हड़ताल बुधवार को वापस ले ली. संघ के अध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने एक बयान जारी कर बताया कि शिक्षकों की समस्याओं से संबंधित मुद्दों पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, सिंडिकेट सदस्य मनोज कुमार सिंह और सीनेट सदस्य व एआईफुक्टो के राष्ट्रीय सचिव विजय कुमार पीयूष के बीच वार्ता तथा समस्याओं का निराकरण के आश्वासन पर छह दिनों से जारी हड़ताल को वापस ले लिया गया है. सभी शिक्षक 13 अगस्त से क्लास लेंगे.
सिंडिकेट मेंबर मनोज कुमार सिंह, सीनेट सदस्य डॉ विजय पीयूष ने भी शिक्षकों से क्लास शुरू करने को कहा है. साथ ही कहा है कि जो बिल जिन कागजातों के साथ प्रिंसिपल के साइन के साथ भेजा जाएगा उसी के आधार पर पेमेंट होगा. अलग से कोई और कागजात लगाने की आवश्यकता नहीं है. क्लास संचालन और उसकी देख-रेख का काम विभागाध्यक्ष और प्रिंसिपल का है न कि विश्वविद्यालय के पदाधिकारी का. अगर हेड और प्रिंसिपल की साइन है तो विश्वविद्यालय उसी आधार पर पेमेंट करे. सिंडिकेट की अगली
बैठक में इस पर विशेष चर्चा करने की भी बात कही। ज्ञात हो कि सितंबर में छठे सेमेस्टर की परीक्षा संभावित है. इसलिए छात्रहित को ध्यान में रखते हुए कुलसचिव से साकारात्मक बातचीत और सिंडिकेट व सीनेट सदस्यों के आश्वासन तथा टाकू के महासचिव के आग्रह पर हड़ताल को समाप्त करते हुए 13 अगस्त से क्लास लेना प्रारंभ करेंगे.







