
जमशेदपुर : राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का प्रथम चक्र 19 जनवरी से प्रारंभ होने वाला है. इसके तहत पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी ड्रॉप दिया जाएगा. इस अभियान में एक भी बच्चा न छूटे इस पर पूरा ध्यान रखा जाएगा. यह कहना है जिला सिविल सर्जन डॉ महेश्वर प्रसाद का. उन्होंने शुक्रवार को करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज एनसीसी द्वारा आयोजित पल्स पोलियो जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाने के क्रम में कहा कि एनसीसी कैडेट पूरी तत्परता से पोलियो अभियान में रेलवे स्टेशन, मूविंग ट्रेन एवं अन्य ट्राजिट बूथ पर सहयोग करते रहे हैं. इस अवसर पर डीआरसीएचओ डॉ बीएन उषा, डब्ल्यूएचओ की सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ सुमन कैनडोलना, 37 झारखंड बटालियन एनसीसी के सूबेदार मेजर जीबी दंगल, एनसीसी इंचार्ज कैप्टन डॉ आरके चौधरी, प्रो विनोद कुमार, प्रो एलसी दास, प्रो पुरुषोत्तम प्रसाद, प्रो संतोष राम, अरुण कुमार सिंह, बाबूराम सोरेन, सौरभ वर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे. रैली से पूर्व कैडेटों को पोलियो प्रतिरक्षण ड्रॉप किस तरह दिया जाना है, इसका प्रशिक्षण भी दिया गया. एनसीसी इंचार्ज कैप्टन डॉ आर के चौधरी ने बताया कि इस अभियान को लेकर एनसीसी कैडेट टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर 19 जनवरी को सुबह आठ बजे से कैंप लगाएंगे. वहां से रेलवे स्टेशन से गुजरने वाले एक भी बच्चा न छूटे इस पर पूरा ध्यान रखा जाएगा. स्टेशन के मेन गेट, ओवर ब्रिज, पार्सल गेट, रिजर्वेशन गेट, प्लेटफार्म नंबर एक, दो, तीन, चार एवं पांच पर कैडेट चौबीसों घंटे तैनात रह बच्चों को ड्राप देंगे. इसके अलावा चलती ट्रेन में भी सफर कर बच्चों को पोलियो रोधी ड्रॉप दिया जाएगा. इसके लिए रेलवे स्टेशन पर साठ घंटे तक नियमित अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान का समापन 21 जनवरी की शाम 4 बजे होगा. साथ ही उन्होंने बताया की एनसीसी द्वारा एक मोबाइल बूथ भी चलाया जायेगा. कैप्टन डॉ चौधरी ने यह भी बताया कि एनसीसी की जागरूकता रैली कालेज परिसर से निकल कर करनडीह के आस पास के कई गांव में जाकर लोगों को बताया की 19 जनवरी को पोलियो रविवार है. शून्य से पांच वर्षों तक के बच्चों को अनिवार्य रुप से ड्रॉप दिलायें. रैली कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ एनसीसी कैडेट राजू पात्रो, रमेश सोरेन, शालिनी मार्डी, बाबूराम सोरेन समेत अन्य लोगों की सराहनीय भूमिका रही.






