पलामू : जिला में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की शुरुआत 18 जनवरी 2020 को होगा। कार्यक्रम तरहसी प्रखंड के पाठकपगार पंचायत में 11 बजे से आयोजित होगा। इसमें जिले के अधिकारी सीधे रूप से आमजनों की समस्याएं सुनेंगे और उन समस्याओं का त्वरित निष्पादन करेंगे। ज्ञातव्य है कि मुख्य सचिव से प्राप्त निदेश के आलोक में पलामू के उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में पलामू जिले के तरहसी प्रखंड के पाठकपगार पंचायत में 11 बजे से सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है, जिसमें उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि एवं जिले के सभी वरीय पदाधिकारीगण शामिल होंगे। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में सभी पात्र व्यक्तियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराया जायेगा। पलामू उपायुक्त-सह- जिला दंडाधिकारी डॉ0 शांतनु कुमार अग्रहरि ने ‘‘सरकार आपके द्वार कार्यक्रम‘‘ के आयोजन हेतु संबंधितों को निदेशित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं/कार्यक्रमों के विरूद्ध लंबित दावों के परिप्रेक्ष्य में पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलवाने तथा तत्संबंधी त्वरित भुगतान हेतु कार्रवाई किए जाने के साथ-साथ आमजनों को केंद्र/राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराना अपेक्षित है। कार्यक्रम में जिन दावों का तुरंत निराकरण संभव नहीं हो, उनके संबंध में एक समय-सीमा निर्धारित करते हुए तत्संबंधी सूचना आवेदक को उपलब्ध कराया जाना है। उपायुक्त के द्वारा माह के प्रत्येक बुधवार को एवं उप विकास आयुक्त के द्वारा माह के प्रत्येक शनिवार को जिलाअंतर्गत किसी प्रखंड एवं पंचायत मुख्यालय में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन करना है। उपायुक्त ने कहा कि आमजनों को अपनी समस्याओं को लेकर सरकारी कार्यालयों में आने की आवश्यकता नहीं होगी। अधिकारी उनके प्रखंड और पंचायतों में पहुंचकर सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत समस्याएं सुनेंगे और उसका त्वरित निष्पादन करेंगे। उपायुक्त ने जिले के पदाधिकारियों को भी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के प्रति तत्परता दिखाते हुए आमजनों की समस्याओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता बरतने का निर्देश दिया है। उन्होंने आमजनों से भी अपील किया है कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठायें। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत समस्या समाधान के साथ सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जायेगी। साथ ही आमजनों को बताया जायेगा कि संबंधित योजनाओं का लाभ वे कैसे उठा पाएंगे।
कार्यक्रम में सभी तरह के समस्याओं का होगा निष्पादन
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में पेंशन, राशन कार्ड, आंगनबाड़ी सेविकाओं, पारा शिक्षकों और संविदा पर कार्यरत लोगों के ससमय वेतन भुगतान, दाखिल खारिज, आवास निर्माण, धान अधिप्राप्ति, बिजली, जाति, स्थानीय, आय प्रमाण पत्र की स्वीकृति से संबंधित मामले सहित अन्य समस्याओं का समाधान किया जायेगा। कार्यक्रम के तहत एलईडी वाहन एवं पारंपरिक संचार माध्यमों द्वारा भी आमजनों की जागरूकता से संबंधित आयोजन किये जाएंगे।






