मुंबई : महाराष्ट्र में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुआ है. एनसीपी नेता अजित पवार बीजेपी गठबंधन वाली शिंदे सरकार में शामिल हो गए हैं. अजित पवार ने रविवार को राज भवन में डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ले ली. इसके साथ ही अजित पवार राज्य के दूसरे डिप्टी सीएम बन गए हैं. महाराष्ट्र की सियासत में अभी और उठापटक की संभावना जतायी जा रही है. शरद पवार ने हालांकि इस संबंध में अभी कुछ नहीं कहा है. उनकी पुत्री व पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले उनसे मिलने पुणे पहुंच गई हैं.(नीचे भी पढ़ें)

महाराष्ट्र की राजनीति में आज तेजी से चले घटना क्रम के तहत पार्टी नेतृत्व से विक्षुब्ध चल रहे अजित पवार ने राजभवन में एकनाथ शिंदे सरकार में उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली. यही नहीं, उनके साथ पार्टी के बड़े नेता छगन चंद्रकांत भुजबल, दिलीप राव दत्तात्रेय वलसे पाटिल, हसन मियालाय मुश्रिफ, धनंजय राव मुंडे, धर्मरावबाबा भगवंतराव आत्राम, अतिति सुनील तटकरे, संजय बाबूराव बनसोडे एवं अनिल भाईदास पाटिल ने भी मंत्री पद की शपथ ली है.(नीचे भी पढ़ें)

उधर महाराष्ट्र के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने एनसीपी के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने भाजपा का साथ देने का निर्णय लिया है, हम उनका स्वागत करते हैं. उन्होंने दावा किया कि आज एनसीपी के 40 से ज्यादा विधायक इस गठबंधन में शामिल हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि अजीत पवार का पद मुख्यमंत्री तय करेंगे. मिली जानकारी के अनुसार एनसीपी नेता अजित पवार के शपथ ग्रहण के दौरान राजभवन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस भी उपस्थित थे.



