
जमशेदपुर : एनएचएआइ द्वारा चल रहा हाइवे चौड़ीकरण का कार्य हाईवे के आसपास रहने वाले लोगों व पेयजल आपूर्ति विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदार के लिए मुसीबत का सबब बन गया है. हाइवे के आसपास के निवासियों द्वारा लगातार पेयजल संकट की शिकायत पर मानगो विकास समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह पंन्द्रह नंबर जवाहर नगर स्थित पेयजल आपूर्ति प्लांट पहुँचे. वहाँ आपूर्तिकर्ता एजेंसी के अभियंता राजेश कुमार से मिले तथा मानगो खासकर हाईवे के लोगों को हो रही पानी की भारी किल्लत का कारण जानना चाहा जिसपर ओम वाटर टेक के अभियंता द्वारा जो स्थिति दिखाई गई उसे देखकर वे दंग रह गए. राजेश के साथ ही वे साथियों के साथ हाईवे निर्माण स्थल पर पहुँचे जहाँ हाइवे निर्माण कार्य कर रही कंपनी द्वारा कई स्थानों पर जलापूर्ति का पाइप बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था. पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी का फव्वारा कई मीटर उपर तक उठ रहा था तथा हजारों लीटर पानी बरबाद हो रहा था.
जलापूर्ति को तुरन्त बंद करना पड़ा. लोगों को तो पानी मिला ही नहीं, उपर से कई कई मीटर विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त पाईप लाईन की मरम्मत का कार्य करने में आपूर्तिकर्ता कंपनी के कर्मचारियों के पसीने छूट रहे थे. इस विषम परिस्थिति में और वह भी दशहरा जैसे पावन त्यौहार के मौके पर जलापूर्ति की इस समस्या ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है. पेयजल आपूर्ति विभाग के एसडीओ और जेई ने संपर्क किए जाने पर त्राहि-त्राहि करना शुरु किया. उन्होंने एनएचएआई द्वारा चल रहे कार्य से लगातार पाइप क्षतिग्रस्त होने की समस्या से ऊब जाने की बात बताई और कहा कि जगह जगह क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत में उनका समय और संसाधन दोनों नष्ट हो रहे हैं जिसका कोई इलाज नहीं दिख रहा है. बार बार संपर्क करने पर भी हाईवे निर्माण करने वाली कम्पनी की तरफ से कोई सहयोग नहीं मिलने पर विभाग भी अब जलापूर्ति मामले में हाथ खड़े कर दिए जाने की स्थिति में पहुँच गया है. समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह ने हाइवे निर्माण कार्य कर रही कंपनी द्वारा कई स्थानों पर जलापूर्ति का पाईप बुरी तरह क्षतिग्रस्त करने को भारी लापरवाही बताया है. इतना मोटा पाइप बार-बार और जगह-जगह क्षतिग्रस्त होना न सिर्फ वर्तमान में बल्कि भविष्य में भी बड़ी दुर्घटना को निमंत्रण देता दिखाई दे रहा है. उन्होंने हाईवे ऑथारिटी ऑफ इण्डिया के स्थानीय पदाधिकारियों, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त, पेयजल आपूर्ति विभाग के मंत्री व सभी संबंधित पक्षों से मानगोवासियों की ओर से अपील की है कि कम से कम दशहरा जैसे पावन त्यौहार में लोगों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु तत्काल हाइवे निर्माण कार्य को स्थगित रखने की अपील की है तथा दशहरा के बाद जब हाइवे निर्माण का कार्य आरम्भ हो तो पेयजल आपूर्ति विभाग से समन्वय बना कर सावधानीपूर्वक कार्य किए जाने की माँग की है. उन्होंने यह भी कहा है कि अब यदि जलापूर्ति का पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होता है तो इसके लिए हाइवे निर्माण कार्य कर रही कंपनी को जिम्मेदार बनाया जाय तथा इसका पूरा खर्च उस कंपनी से वसूल किया जाये.







