मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार को एक प्राइवेट अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से कम से कम चार मरीजों की मौत हो गई. हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई, जबकि अन्य मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. यह घटना मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल में हुई. जिला प्रशासन के अनुसार, आग लगने के समय आईसीयू में करीब 13 से 15 मरीज भर्ती थे. धुएं और आग के बीच मरीजों को बाहर निकालने के लिए तत्काल बचाव अभियान चलाया गया. मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी ने चार लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि तड़के अस्पताल में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं.उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. (नीचे भी पढ़े)
अधिकारियों के अनुसार, आईसीयू में भर्ती मरीजों को उनके परिजन और प्रशासन की मदद से अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया.प्रशासन मरीजों के परिजनों से संपर्क करने और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है. अस्पताल प्रशासन ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जताई है कि आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी. आग तेजी से फैलने के कारण पूरा वार्ड धुएं से भर गया, जिससे मरीजों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई. अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि वह घटना की जांच में प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहा है. वहीं, जिला प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि कुछ मरीजों के संबंध में जानकारी अभी जुटाई जा रही है. ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ घटना की जांच में जुटा हुआ है.






