
शार्प भारत डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का निधन शुक्रवार सुबह हो गया है. अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली. वह 100 वर्ष की थीं. मां के निधन पर पीएम ने भावुक ट्वीट किया. उन्होंने मां के निधन को शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम बताया. पीएम ने ट्वीट में लिखा कि शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम. मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है. उन्होंने आगे लिखा कि मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से. मां के निधन के बाद पीएम मोदी अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं. वहीं उन्होंने आज के सारे कार्यक्रम को रद्द कर दिया है.




