
चाईबासा : जिले में अपराध नियंत्रण और नक्सलियों की बढ़ती गतिविधि को लेकर पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा ने रविवार को अधीनस्थ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक सोनुवा थाना में हुई। इसमें सुरक्षा संबंधी SOP के अनुपालन, नक्सल के विरुद्ध दर्ज मामलों के अनुसंधान, आपराधिक मामलों के अनुसंधान एवं दैनिक थाना कार्यों की समीक्षा की गई तथा पारदर्शिता व गुणवत्ता में अभिवृद्धि के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए।आम जनता के साथ सम्मानपूर्ण व्यवहार व बाहर से आये श्रमिक बंधुओं से प्रखंड कार्यालय के साथ मिलकर लगातार संवाद बनाये रखने का निर्देश दिया गया।कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने हेतु फेस मास्क और सोशल डिस्टेंस के लिए लगातार जागरूकता संबंधी काम करने का निर्देश दिया गया।साथ ही पुलिस जवानों और पदाधिकारियों की भी व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याओं को जानने का प्रयास किया गया तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित कार्यालय को निर्देशित किया गया।







