
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से स्व कृष्णा देवी-विश्वनाथ जी रुंगटा के पुण्य स्मृति में आयोजित 584वें नेत्र शिविर का शुभारंभ नेत्र रोगियों के जांच के साथ यहां बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में हुआ, जहां जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ जेएस बेदी एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम ने 270 नेत्र रोगियों के आंखों की जांच किया तथा 36 नेत्र रोगियों का चयन मोतियाबिन्द प्रभावित नेत्र रोगी के रूप में किया।

इन नेत्र रोगियों की स्वास्थ्य जांच के पश्चात इनका ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार को जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ जेएस बेदी, डॉ सुशील बाजोरिया, डॉ पूनम सिंह, डॉ मलय द्विवेदी एवं उनकी सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जायेगा। रोटेरियन विवेक रुंगटा नन्दिनी रुंगटा के संयोजन में रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी के सहयोग से आयोजित नेत्र शिविर के जांच सत्र के दौरान राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, समाजसेवी राकेश मिश्र, डॉली बेदी, चन्द्रमोहन सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। शिविर का संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है।














