
जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिला के कांड्रा थाना क्षेत्र के इंडियन पेट्रोल पंप के सामने मेन रोड पर रविवार देर शाम ट्रेलर संख्या एनएल 01एबी 8057 के चालक ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए जेआरडीसीएल के इंडिकेटर लाइट पोल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पोल को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. (नीचे देखे पूरी खबर)
हादसे के दौरान एक बाइक सवार भी ट्रेलर की चपेट में आ गया, जिसे मामूली चोटें आई हैं. मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया. घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग दहशत में आ गए. सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा नशे में धुत चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और नशे में वाहन चलाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.











