
सरायकेला : राज्य में गिरते कानून व्यवस्था एवं महिलाओं एवं किशोरियों के साथ दुष्कर्म और अत्याचार के खिलाफ भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को पूरे राज्य में भाजपाइयों ने जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. इधर सरायकेला जिला मुख्यालय पर भी भाजपाइयों ने राज्य सरकार के खिलाफ धरना दिया. इस दौरान जिला अध्यक्ष विजय महतो ने बताया कि आज झारखंड में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है. उग्रवाद और अपराध हावी है. राज्य में हर दिन लूट, हत्या, दुष्कर्म, फिरौती, लेवी, डायन प्रताड़ना सहित अनेकों जघन्य अपराध हो रहे हैं. एक साल में ही इस सरकार ने राज्य की परिस्थितियों को भयावह बना दिया है. वहीं किशोर गंज में सीएम के काफिले पर हमले के लिए भाजपा पर आरोप लगाते हुए बीजेपी के नेता और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाये जाने के मामले पर भी इन्होंने सरकार को घेरा. उन्होने कहा कि एक साल में ही पूरे राज्य में 13 सौ दुष्कर्म की घटनाएं घट चुकी है. राज्य में छोटी बच्ची हो या महिला, आम जनमानस हो या पुलिसकर्मी सभी के साथ दुष्कर्म जैसे अत्याचार हो रहे हैं. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की विधि व्यवस्था पर ध्यान न देकर ट्रांसफर पोस्टिंग और धन उगाही करने में व्यस्त है. राज्य सरकार अपने वादे पूरे करने के स्थान पर केवल केंद्र सरकार और पूर्ववर्ती रघुवर दास की सरकार पर आरोप लगाने में व्यस्त रहती है. वहीं इन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि आप नहीं जागे तो राज्य में भारतीय जनता पार्टी सड़क से सदन तक पुरजोर आंदोलन करेगी. भाजपा के एसटी मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष गणेश महाली ने कहा कि सोरेन सरकार आते ही झारखंड में विधि व्यवस्था समाप्त हो गई है. हाल की हुई घटनाएं राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है. राज्य में पुनः तेजी से नक्सलवाद और अपराध अपने पैर पसार रहे है. व्यवसायियों से फोन पर रंगदारी मांगी जा रही है. एक महिला के साथ इतना अन्याय हो रहा है और कुंभकर्णी नींद में हेमंत सोरेन सरकार सोई हुई है. मानवता को ठेंगा दिखाने वाली सरकार को होश में लाना ही होगा. छिनतई और लूट खसोट की घटना बढ़ गई है. उन्होने कहा कि हेमन्त सोरेन सरकार राज्य चलाने में असफल हो रही है. उन्हे नैतिकता के नाते इस्तीफा दे देना चाहिए. मौके पर आदित्यपुर नगर निगम के महापौर बिनोद श्रीवास्तव, उदय सिंहदेव, रमेश हांसदा, जिला महामंत्री राकेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष खूंटी सिंह सरदार, मनोज तिवारी, दुलाल स्वांसी, मनोरंजन सिंह, सोहन सिंह, निरंजन मिश्रा, युवामोर्चा जिलाध्यक्ष अभिषेक आचार्या, अमितेष अमर, बासुदेव महतो, नारायण महतो, चिनिवास महतो, होपना सोरेन, मंगल मुंडा, संजय सरदार, मनोज महतो, संजीव रंजन, बीएन सिंह, सुमंत मांझी, ब्रह्मानंद झा, बिशु महतो, रश्मि साहू, रीता दुबे, मोंटी सेनगुप्ता सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.













