
सरायकेला: राज्य के पूर्व मंत्री और चंदनकियारी के भाजपा विधायक अमर कुमार बाउरी रविवार को सरायकेला पहुंचे. जहां सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए श्री बाउरी ने राज्य की वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए राज्य की जनता को गुमराह कर सत्ता पर काबिज होने का आरोप लगाया. श्री बाउरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, कि राज्य सरकार खाली खजाना होने की बात कहकर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि जो पैसे उन्हें राज्य के विकास के मद में आवंटित हुए हैं उसका खर्च करने में राज्य सरकार पूरी तरह से विफल रही है.
जनता को घूम- घूम कर खाली खजाने का ढिंढोरा पीटने से भारतीय जनता पार्टी चुप नहीं बैठने वाली. उन्होंने सरकार के एक साल पूरा होने पर रिपोर्ट कार्ड पेश करने से पहले राज्य सरकार से विभाग वार ब्यौरा राज्य की जनता को उपलब्ध कराने की बात कही. उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के काल में अगर केंद्र सरकार राज्य की गरीब जनता तक मदद नहीं पहुंचाती तो राज्य की जनता दाने-दाने को मोहताज हो जाती. उन्होंने केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को गरीबों के हित में बताया. वहीं लॉ- एंड ऑर्डर, आदिवासियों- मूलवासियों की सुरक्षा और महिला सुरक्षा के मामले में हेमंत सोरेन सरकार को आड़े हाथ लेते हुए जमकर निशाना साधा. वे यहां भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मिले और आने वाले दिनों में राज्य सरकार को किस तरह से खेलना है इसकी रणनीति बनाई.



