गम्हरिया : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के टायो कॉलोनी गेट पर गुरुवार को एक मासूम बच्चा भटकता हुआ मिला जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई. स्थानीय लोगों ने बच्चे को कॉलोनी गेट के पास देखा और इसकी सूचना तुरंत गम्हरिया पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेते हुए गम्हरिया थाना लेकर आई. गम्हरिया थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने बताया कि बच्चा वर्तमान में गम्हरिया थाना में सुरक्षित रखा गया है. उन्होंने कहा कि बच्चे के परिजनों की तलाश की जा रही है और आसपास के इलाकों में बच्चे की पहचान के लिए सूचना प्रसारित की गई है. थाना प्रभारी ने यह भी अपील की है कि यदि किसी को बच्चे की पहचान या उसके परिजनों के बारे में जानकारी हो तो तुरंत गम्हरिया थाना से संपर्क करें.



