आदित्यपुर : सरकार एवं पुलिस प्रशासन की तमाम कोशिशों के बाद भी साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. ताजा मामला आदित्यपुर में सामने आया है जहां दिंदली बस्ती निवासी सेवानिवृत्त रेलकर्मी एसएनआर नायडू साइबर ठगों के शिकार बन गये हैं. साइबर अपराधियों ने उनके खाते से फिक्स डिपाजिट के दो लाख रुपये उड़ा लिए हैं. इससे पूर्व भी पिछले साल जून में अपराधियों ने उनके बचत खाते से 9,999 रुपये उड़ा लिये थे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत भी की थी एवं बैंक मैनेजर की सलाह पर खाते में बचे पैसों को उन्होंने फिक्स करा दिया था. मगर उन्हें क्या पता था कि साइबर अपराधियों की नजर अब भी उनके खाते पर है. जैसे ही एफडी की मियाद पूरी हुई, साइबर अपराधियों ने बिना ओटीपी या पासवर्ड के उनके खाते से दो बार में 50 हजार और दो बार में 49,999 रूपये निकाल लिये. पीड़ित सेवानिवृत्त रेलकर्मी श्री नायडू का इंडसइंड बैंक की आदित्यपुर शाखा में उनका सेविंग अकाउंट है, जहां पिछले साल जून में ही उन्होंने खाता खोला था. खाता खुलने के कुछ दिन बाद ही साइबर अपराधियों ने उनके फोन पर कॉल कर ओटीपी मांग कर खाते से 9,999 रूपये उड़ा लिए थे. उस वक्त बैंक मैनेजर के कहने पर उन्होंने सेविंग अकाउंट को बंद कर शेष राशि को फिक्स करा दिया. इस बार साइबर अपराधियों ने बिना ओटीपी मांगे ही उनके खाते से दो लाख रूपये उड़ा लिये. पीड़ित ने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है. आदित्यपुर थाना पुलिस मामला दर्ज होते ही हरकत में आ गयी है और मामले की जांच में जुट गई है.



