सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल ने मंगलवार को सप्ताहिक जनता दरबार में जिले के दूर- दराज के गांवों से शहर आए 50- 60 फरियादियों की समस्याएं सुनीं. उपायुक्त ने फरियादियों की समस्याओं से अवगत होकर उनके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिये. योजना से संबंधित कई समस्याओं का ऑन द स्पॉट निष्पादन भी किया. (नीचे भी पढ़ें)
जनता दरबार में इन समस्याओं को उठाया
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि संबंधित मामले, कुचाई अंचल क्षेत्र में अवैध पत्थर उठाव पर रोक लगाने, सरकारी भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने, स्वास्थ्य, राशन कार्ड में नाम जोड़ने समेत अन्य मुद्दे उठाये गये. इस दौरान उपायुक्त ने विभागीय पदाधिकारियों को विभिन्न माध्यमों से समाधान करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
अवैध पत्थर उठाव पर रोक लगाने की मांग
मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में खरसावां विधायक दशरथ गगराई के साथ आए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कुचाई अंचल क्षेत्र से अवैध पत्थर उठाव पर रोक लगाने, मनरेगा योजना अंतर्गत संचालित कार्य में प्रगति लाने समेत अन्य समस्याओं से अवगत कराया. इसपर उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से लगातार जांच कर अवैध पत्थर उठाव करनेवालों पर कार्रवाई करने को कहा. साथ ही उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई को कुचाई प्रखंड कार्यालय का भ्रमण कर मनरेगा योजना समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा करने एवं कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये.











