सरायकेला : सरायकेला के उपायुक्त अरवा राजकमल ने जिले के वरीय अधिकारियों, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर आगामी 23 फरवरी को सरायकेला बिरसा मुंडा स्टेडियम में तेजस्विनी परियोजना के तहत आयोजित होने वाले एक दिवसीय सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की. (नीचे भी पढ़ें)
किशोरियों को लाने के लिये बस की सुविधा
उपायुक्त ने अबतक की गई तैयारियों की जानकारी लेने के बाद जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा को जिले के सभी प्रखंडों से आनेवाली किशोरियों के आवागमन के लिए पिकअप एंड ड्रॉप प्वाइंट तैयार कर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड के लिए बस भेजी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बस में तैनात होंगे मजिस्ट्रेट
उन्होंने बसों में मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर लेने एवं सभी बीडीओ व सीडीपीओ की देखरेख में किशोरियों के आवागमन की व्यवस्था किये जाने का निर्देश भी दिया. उपायुक्त ने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 8000 और पूर्वी सिंहभूम जिले से ढाई से तीन हजार किशोरियों के आने की संभावना है. कार्यक्रम में इनके बैठने, नाश्ते-पानी एवं भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत को भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम की साफ-सफाई, कार्यक्रम स्थल पर पेयजल एवं चलंत शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. संबंधित विभागीय पदाधिकारी को मेडिकल टीम, अग्निशामक दल समेत अन्य सुविधाएं ससमय सुदृढ़ करने के लिए भी कहा. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में ये थे मौजूद
डीसी के साथ बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गगराई, अपर उपायुक्त सुबोध कुमार, सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी, राम कृष्ण कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी शिप्रा सिन्हा, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी आदि मौजूद थे.












