सरायकेला: उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सोमवार को आपूर्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की. इस बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सतेंद्र महतो, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, एमओ, गोदाम प्रबंधक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्डधारकों को उचित दर एवं मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के उद्देश्य से प्रत्येक माह कम से कम 10 पीडीएस दुकानों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.(नीचे भी पढ़े)
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सोना सोबरन धोती- साड़ी योजना के तहत शत- प्रतिशत लाभुकों तक लाभ पहुंचाने, पैक्स केंद्र के संचालन में पारदर्शिता बरतने एवं किसानों को धान की बिक्री के एवज में समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, लाभुकों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने, दाल- भात केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, ऐसे राशन कार्डधारी जो 4- 5 महीनों से खाद्यान्न नहीं उठा रहे हैं, उनका ग्रामसभा के माध्यम से सत्यापन कर नियमानुसार नाम विलोपित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी जेएसएफसी गोदाम सुव्यवस्थित हों. अनाज की उचित गिनती, साफ- सफाई, सीसीटीवी, फायर सेफ्टी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं.



