सरायकेला : उपायुक्त के निर्देशानुसार तथा अधीक्षक, उत्पाद सौरभ तिवारी के पर्यवेक्षण में उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्को नगर में छापेमारी की. प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में राशन दुकान एवं झोपड़ी से कुल 45.00 लीटर अवैध महुआ शराब तथा 10.38 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. बरामद शराब को विधि सम्मत रूप से जब्त कर लिया गया है. छापेमारी के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामचंद्र लोहार और जगदीश लोहार के रूप में की गई है. दोनों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी ने बताया कि जिले में अवैध मद्य निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध उत्पाद विभाग द्वारा निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. इससे पूर्व विभाग ने कांड्रा के मोहनपुर जंगल एवं रायपुर गांव स्थित अवैध शराब अड्डों पर छापेमारी की. छापेमारी के क्रम में 80.00 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर विधिवत जब्त किया गया और 1100.00 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अड्डा संचालकों की पहचान मोटू टुडू एवं जयपाल हांसदा के रूप में की गई है. दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर गिरफ्तारी हेतु आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस क्रम में सभी प्रखंडों एवं थाना क्षेत्रों में सतत गश्ती एवं छापेमारी अभियान संचालित किए जा रहे हैं. उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण अथवा बिक्री की गतिविधि की जानकारी हो तो संबंधित सूचना उत्पाद विभाग या नजदीकी थाना को तुरंत उपलब्ध कराएँ, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके. साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आगामी दिनों में त्योहारों के दृष्टिगत अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जाए और दोषियों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.



