
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत बाबाकुटी निवासी संजीव आनंद चौधरी पर बस्ती के ही दो युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया. हालांकि इस हमले में संजीव आनंद बाल- बाल बच गए. वहीं स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. बताया जाता है कि, आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कंपनी जेनिथ फोर्ज प्राइवेट लिमिटेड के सीनियर मैनेजर संजीव आनंद चौधरी ड्यूटी के बाद, शाम को। कॉलोनी के ही पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास बैठकर अपने दोस्तों के साथ आगामी रामनवमी की चर्चा कर रहे थे, इसी बीच कॉलोनी के ही दो युवक पंकज कुमार सिंह और राजीव रंजन खां उर्फ नुनू वहां पहुंचे और अश्लील शब्दों का प्रयोग करने लगे. जिसका संजीव आनंद चौधरी ने विरोध किया. इस पर पंकज कुमार सिंह संजीव आनंद के साथ उलझ पड़ा, विरोध में संजीव आनंद ने भी अपना बचाव किया, दोनों के बीच वाद- विवाद चल ही रहा था, कि राजीव रंजन ने संजीव आनंद के साथ हाथापाई शुरू कर दी. उधर मामला बिगड़ता देख मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों और मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया. हालांकि दोनों युवकों की हरकत से स्थानीय बस्ती वासियों में नाराजगी देखी जा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि आए दिन दोनों युवकों द्वारा उलूल- जलूल हरकत किया जाता है, मगर बस्तीवासी मुहल्ले का युवक होने के कारण उनकी हरकतों को नजरअंदाज करते रहते हैं. उधर संजीव आनंद इस मामले को लेकर आरआईटी थाना पहुंचे. जहां पूर्व पार्षद और स्थानीय युवकों के सामाजिक स्तर पर माफी मंगवाने और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने का भरोसा दिलाया उसके बाद उन्होंने अपनी शिकायत वापस ले ली. वैसे बाबाकुटी के युवाओं में नशे की लत काफी तेजी से बढ़ रही है जिसको लेकर बस्तीवासी भी काफी चिंतित हैं.







