सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के चाडरी मोड़ से पहले बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक संख्या जेएच05इबी2808 सरायकेला की ओर से आ रही थी. जैसे ही बाइक चाडरी मोड़ के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या जेएच 06आर-9122 में पीछे से जा टकराई. बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर बदला जा रहा था और वाहन सड़क पर ही खड़ा था. मौके पर न तो कोई रिफ्लेक्टर लगाया गया था और न ही चेतावनी संकेतक मौजूद था. अंधेरा होने के कारण बाइक सवार को सामने खड़े ट्रक का अंदाजा नहीं हो सका और तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आदरडीह निवासी करणों कुम्भकार के रूप में हुई है. बताया गया है कि वह वर्तमान में बीरबांस में रहकर रामकृष्णा फोर्जिंग में कार्यरत था और रोज की तरह काम से लौट रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है. इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है.











