कांड्रा : सरायकेला- खरसावां जिला के कांड्रा थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा होते होते टल गया. जहां यूटिलिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी के हाईवा एनएल02क्यू 6853 ने 11 हजार केबीए के बिजली के तार को क्षतिग्रस्त कर दिया. जिससे बिजली के 6 खंभों का इंसुलेटर टूटकर उनसे बिजली का तार अलग हो गया. उक्त हाईवा कांड्रा स्थित अमलगम स्टील कंपनी के आयरन ओर एवं डस्ट की ढुलाई करता है. इधर मौके पर काफी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और उन्होंने तीव्र आक्रोश व्यक्त किया. (नीचे भी पढ़ें)
गनीमत है कि तार के आपस में सटते हैं बिजली कट गई. वहीं वाहन का चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर चलने वाले हाईवा द्वारा जो डस्ट की ढुलायी होती है वह डस्ट बीच सड़क पर गिरता रहता है. इससे पूरी सड़क धूलमय हो गई है. उक्त मार्ग पर भारी वाहनों के चलने से इतनी धूल उड़ती है कि आम राहगीरों का सड़क से चलना दूभर हो गया है. इसके अलावा इन वाहनों की गति भी काफी तेज होती है जो आए दिन दुर्घटना का कारण बनती है.











