
सरायकेला : सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र से गायब हुए व्यवसई पुत्र मनीष अग्रवाल का करीब दो माह बाद भी अबतक कोई सुराग नहीं मिला है. इधर एक बार फिर स्थानीय आजाद बस्ती से सोमवार दिन के 10 बजे से ही 12 वर्षीय दो छात्राएं लापता हैं. 12 वर्षीय मुस्कान मुखी और और नैना मुखी के परिजन मंगलवार को कांड्रा थाना पहुंचे और दोनों की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया. परिजनों ने बताया कि सभी परिचितों के घर ढूंढने के बाद जब बच्चियों का सुराग नहीं मिला तो थक-हार कर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया है. परिजनों के अनुसार दोनों बच्चियां कहीं भी आना- जाना नहीं करती थीं. दोनों के गायब होने के बाद परिजन काफी मायूस हैं. फिलहाल कांड्रा पुलिस गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बच्चियों की तलाश में जुटी है.




