
आदित्यपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र में चोरों का आतंक जारी है. आए दिन चोर किसी न किसी घर को अपना निशाना बना रहे हैं और चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला कपाली ओपी अंतर्गत आदर्शनगर वाटिका सोसायटी का है. जहां एक बार फिर से चोरों ने मोहम्मद रिजवान नामक व्यक्ति के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया. जानकारी देते हुए मोहम्मद रिजवान ने बताया कि बीती रात मौसम ठंडा होने के कारण घर पर सभी जल्दी खाना-पीना खाकर सो गए. सुबह आंख खुली तो शरीर में भारीपन महसूस हो रहा था. घर में जब देखा तो गोदरेज का ताला टूटा हुआ पाया. पड़ताल करने पर देखा कि लॉकर से नगदी सहित बेटी के लिए बनाकर रखे गए जेवरात गायब हैं. इसके अलावा कई कीमती सामान और कागजात भी गायब मिले. उन्होंने बताया, कि चोरों ने उनकी खस्सी को भी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे. परिवार के महिला सदस्यों के अनुसार स्प्रे मार कर उन्हें बेहोश कर दिया गया, उसके बाद इत्मीनान से चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. उन्होंने बताया, कि आए दिन इलाके में इस तरह की घटनाएं हो रही है, और पुलिस मूकदर्शक बनी बैठी है. फिलहाल उन्होंने कपाली ओपी में मामला दर्ज करा दिया है.






