
सरायकेला : समग्र शिक्षा अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिला के कुकड़ू बीआरसी केंद्र के समीप स्थित स्कूल भवन में आज से सरकारी एवं पारा शिक्षकों का पांच दिवसीय गैरआवासीय निष्ठा प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होने से पहले गणेश वंदना गाकर शिक्षको को प्रेरित किया। वैसे यह प्रशिक्षण दो बैच में संचालित किया जा रहा है। दोनों बैच में कुल 100 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रशिक्षण के लिए अपना निबंधन कराया। ज्ञात हो कि पूरे देश में पहली बार इस तरह का बड़े पैमाने पर शिक्षक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में पूरे देश में 42 लाख शिक्षकों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। वैसे कुकड़ू प्रखंड में तीन बैच में यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। जानकारी देते हुए ट्रेनर बज्रमोहन यादव ने बताया कि इस प्रशिक्षण से शिक्षकों में आत्म विश्वास एवं कुशलता के साथ-साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिये जाने को लेकर दिया जा रहा है। वैसे यह प्रशिक्षण पूरी तरह से गतिविधि आधारित प्रशिक्षण है जो प्रात: नौ बजे से शाम पांच बजे तक संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण में सभी प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए नाश्ते एवं भोजन का प्रबंध किया गया है।













