खरसावां: भाजपा सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी की ओर से शनिवार को खरसावां आकर्षणी गेस्ट हाउस में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत हुई. इस कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. प्रशिक्षण वर्ग में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए.प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ की गई. इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ. (नीचे भी पढ़े)
उद्घाटन सत्र में उपस्थित नेताओं ने भाजपा की वैचारिक विरासत और संगठनात्मक मूल्यों पर प्रकाश डाला.उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और वर्ष 2027 में प्रस्तावित पंचायत चुनावों में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है. अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है, लेकिन सामाजिक, आर्थिक और वैचारिक चुनौतियां अभी भी देश के सामने मौजूद हैं. इन चुनौतियों का मुकाबला मजबूत राष्ट्रवाद, संगठनात्मक शक्ति और जनता के साथ निरंतर संवाद के माध्यम से ही किया जा सकता है.दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन कुल आठ सत्र आयोजित किए गए. (नीचे भी पढ़े)
इन सत्रों में भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली, सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कार्यकर्ता दायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया. वरीय नेता एवं जिला वर्ग प्रभारी केके गुप्ता ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा की मूल विचारधारा, राष्ट्रवाद और संगठन के सिद्धांतों की विस्तार से जानकारी दी. वहीं सुबोध सिंह गुड्डू ने भाजपा की कार्यपद्धति विषय पर चर्चा करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, अनुशासन और कार्यकर्ता आधारित संगठन की विशेषताओं को समझाया.प्रशिक्षण वर्ग में जिले के सभी तीन विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस अवसर पर प्रदेश सचिव शैलेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, मीरा मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, विजय महतो, रामानाथ महतो, राकेश मिश्रा, सारथी महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन अगले दिन विभिन्न विषयों पर विशेष सत्रों के साथ होगा.







