
सरायकेला : जिले के नये आरक्षी अधीक्षक मोहम्मद अर्शी गुरुवार को आदित्यपुर पहुंचे. इस दौरान आरक्षी अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि जिला पुलिस की पहल पर डायल 100 के माध्यम से उन तमाम लोगों की मदद की जा रही है जिन्हें लॉकडाउन की वजह से दवाई वगैरह की जरूरत है. इस क्रम में पहली बार उन्हें जिले के दो स्थानों से सूचना मिली. जहां स्वयं एसपी दोपहिया वाहन से आम लोगों के दरवाजे पर दवा पहुंचाने पहुंचे. जिले के नये एसपी के इस अवतार की सराहना चारों तरफ हो रही है.
दूसरी ओर पत्रकारों से बात करते हुए एसपी अर्शी ने बताया इस तरह का अभियान चलाकर लॉकडाउन में लोगों को घर में सारी सुविधाएं मुहैया कराना सरायकेला पुलिस का पहला लक्ष्य है. वहीं एसपी ने साफ कर दिया है कि लॉकडाउन की वजह से लॉ एंड ऑर्डर को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा. एसपी ने बताया सोशल मीडिया पर उनकी विशेष निगाह है, जिसकी सूची जिला स्तर पर तैयार की जा रही है. साथ ही हर संदिग्ध पर नजर भी रखी जा रही है. एसपी ने आम लोगों से अपील की है कि कहीं भी नशा वगैरह का कारोबार चल रहा हो, तो इसकी सूचना जिला पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध करायी जाये. इस दौरान सरायकेला एसडीपीओ राकेश रंजन, गम्हरिया सीओ धनंजय, आदित्यपुर थाना प्रभारी सुषमा कुमारी व अन्य उपस्थित थे.







