सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत चोगा स्थित नटराज कला केंद्र में बुधवार को तीन दिवसीय लोक परब आरंभ हुआ. केंद्रीय कला संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित इस लोक परब का चांडिल के एसडीएम रंजीत लोहरा के साथ बीडीओ किकू महतो, पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख, मुखिया संगीता देवी व नयन सिंह मुंडा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद अतिथियों का छऊ मुखौटा व अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया. इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने लोगों से अपनी संस्कृति को बचाने एवं नयी पीढ़ी से अपनी संस्कृति को अपनाने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद लोक परब- 2022 के मंच पर बोकारो की टीम ने कुरमाली पाता झुमुर, सृजन केंद्र रांची ने जनानी झुमुर, गुरु-शिष्य परंपरा योजना की ओर से शिकारी नृत्य, नटराज कला केंद्र चोगा की ओर से मानभूम छऊ व बंता रांची के कलाकारों ने पंचपरगना झुमुर की प्रस्तुति दी. विदित हो कि केंद्रीय कला संस्कृति मंत्रालय की ओर से स्थानीय कला संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई वर्षों से हर साल लोक परब का आयोजन किया जाता है. इस दौरान विभिन्न तरह के कला प्रदर्शन के लिए कलाकारों का हुजूम उमड़ता है. वहीं पद्मश्री मधुमंसूरी हंसमुख ने बताया कि कला संस्कृति विभाग के सौजन्य से तीन दिवसीय लोक परब का आयोजन किया गया है. उन्होंने बताया कि विकास के साथ- साथ सरकार कला संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन करती है, जिससे कलाकारों को मंच प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जा सके. उन्होंने कहा कि हमारी कला संस्कृति ही हमारी पहचान है. उन्होंने कहा कि कला संस्कृति का विकास ही इस योजना का उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी के युवाओं को भी कला संस्कृति के क्षेत्र में आगे आने की जरूरत है. मौके पर सांसद प्रतिनिधि विश्वनाथ उरांव, नटराज कला केंद्र चोगा के सचिव प्रभात कुमार महतो, कला केंद्र जमशेदपुर के सचिव अमिताभ घोष, उमाकांत महतो, छुटू घोष, ठाकुर दास महतो सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे.




