सरायकेला : राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने पर मंत्री चंपई सोरेन ने गुरुवार को विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में श्री सोरेन ने जिले की विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के साथ मुख्यमंत्री का सीधा संवाद कराते हुए उन्हें योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रदान किये. पत्रकारों से बात करते हुए चंपई सोरेन ने हेमंत सोरेन सरकार की तीन साल की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि पहले दो साल कोरोना महामारी के कारण राज्य का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया, किन्तु सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान भी सरकार ने राज्य के लोगों को सुरक्षित बचाया. (नीचे भी पढ़ें)

श्री सोरेन ने दावा किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में विगत 20 वर्षों में जो काम नहीं हो पाये वे काम आज हेमंत सरकार में हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि रांची हो या जमशेदपुर, विकास दिख रहा है. राज्य में फ्लाइओवर का सपना साकार हो रहा है. एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल को अपग्रेड किया जा रहा है. सरायकेला सदर अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं. सौ बेड के अस्पताल के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो चुका है. राज्य के युवाओं को विदेशों में शिक्षा दिलाने की भी व्यवस्था हो रही है.
भ्रष्टाचार के सवाल पर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का शिगूफा छोड़कर विपक्ष सरकार को बदनाम करना चाहता है. उन्होंने कहा कि यदि कहीं भ्रष्टाचार हुआ है तो विपक्ष उसे साबित करे. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी पर चुटकी लेते हुए याद दिलाया कि उन्होंने कुतुब मीनार से कूदकर मरना पसंद करने पर भाजपा में नहीं जाने की घोषणा की थी. आज वे किस मुंह से भाजपा की बोली बोल रहे हैं. उन्होंने आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो पर भी निशाना साधते हुए उन पर रघुवर सरकार की 1985 आधारित स्थानीयता नीति के समर्थन में लड्डू बांटने का आरोप लगाया. पर अब हेमंत सरकार द्वारा 1932 के खतियान आधारित नियोजन नीति लागू किये जाने पर विपक्ष के साथ विरोध में खड़े होने के लिए आलोचना की.
उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास आज कोई मुद्दा नहीं है, इसी से वह वह जनता को गुमराह कर रहा है. उन्होंने राज्य के सभी लोगों को पेंशन की सुविधा दिलाने, गांव-गांव बिजली पहुंचने जैसी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि इसी से विपक्ष बौखला गया है. इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष सोना राम बोदारा, विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य उर्फ टुलू, जिले के डीडीसी प्रवीण कुमार गागराई, एडीसी सुबोध कुमार, सरायकेला एसबीएम राम कृष्ण कुमार, बीडीओ मृत्युंजय कुमार सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार आदि मौजूद रहे.



