जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना की पुलिस ने शुक्रवार की रात नीलांचल कंपनी से सरिया चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने उनके पास से चोरी का सरिया बरामद किया है. बता दें कि कंपनी के सुरक्षा अधिकारी द्वारा शनिवार को कंपनी परिसर से सरिया चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर रघुनाथपुर निवासी बुद्धेश्वर मंडल के घर छापामारी की. छापामारी उस समय की गई जब बुद्धेश्वर चोरी हुए सरिया को फेरी करने वाले मुर्शिदाबाद निवासी नफीजुल शेख को बेच रहा था. बेचने के क्रम में दोनों को चोरी और खरीद बिक्री करने के आरोप में पुलिस ने पकड़ लिया. वहीं पुलिस ने 32 एमएम का करीब 5- 6 फीट लंबा नीलांचल कंपनी द्वारा निर्मित गोविंदा का लोगो लगा हुआ 8 पीस लोहे का सरिया, एक टीवीएस कंपनी की दोपहिया गाड़ी (नंबर WB58BJ- 0861) के साथ तराजू भी जब्त कर थाना ले आई. बताते चलें कि इन दिनों सरायकेला- खरसावां जिले में जमशेदपुर के स्कैप माफियों द्वारा कई स्क्रैप टाल संचालित किये जा रहे हैं. जिनमें मुर्शिदाबाद निवासी बहुत से व्यक्ति फेरी कर चोरी किये हुए लोहे को खरीद नजदीकी टालों में खपाते हैं.





