सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के मुरु गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर निगरानी कर रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान 41 वर्षीय खितिस चंद्र महतो के रूप में हुई है, जो मुरु गांव के निवासी थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को भट्ठे में ईंट पकाने के लिए आग लगाई गई थी. देर शाम भोजन करने के बाद खितिस चंद्र महतो भट्ठे की देखरेख के लिए घर से निकले थे, लेकिन रात भर वे वापस नहीं लौटे. बुधवार सुबह काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की. (नीचे भी पढे़ं)
तलाशी के दौरान भट्ठे के समीप उनका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला. सूचना मिलते ही नीमडीह थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
प्राथमिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस प्राकृतिक कारण, जहरीली गैस के प्रभाव, दुर्घटना या अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके.















