
सरायकेला: सरायकेला सिविल कोर्ट में सोमवार से जेआईटीएसआई तकनीक के जरिए सुनवाई शुरू हो गई है. इसको लेकर सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं में खुशी देखी गई. जानकारी देते हुए अधिवक्ता ओमप्रकाश ने बताया, कि इस तकनीक को लागू करने के पीछे जिले के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश का प्रयास काफी सराहनीय है. उन्होंने बताया, कि प्रिंसिपल जज के प्रयासों से ऐसा संभव हो सका है. इसके जरिए कोर्ट से वकीलों को केस के आधार पर लिंक भेजा जा रहा है, जिसके माध्यम से सभी जज अपने-अपने कोर्ट में ऑनलाइन सुनवाई कर रहे हैं, जो काफी कारगर साबित हो रहा है. उन्होंने बताया, कि लॉकडाउन के कारण वकील आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे. इस प्रयास के बाद अब वकीलों की परेशानियां काफी हद तक कम हो सकेगी. डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की तरफ से भी उन्होंने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के प्रति आभार प्रकट किया.











